रेडक्रॉस, नगरपालिका एवं लायंस इंडिया की संयुक्त पहल पर नगर में निःशुल्क रक्त परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदाता तैयार कर उन्हें ऑनलाइन करना है।
इससे आपात स्थिति में रक्तदाता से सीधा संपर्क कर उनकी सेवाएँ ली जा सकेंगी। रविवार को इसकी शुरुआत वार्ड क्रमांक 29 से हो गई।
प्रत्येक वार्ड में औसतन 25 ऐसे स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सूचीबद्घ किया जाएगा। इस पर 8 लाख रुपए खर्च आएगा। इस कार्य का जिम्मा डॉ. केके चौरड़िया ने लिया है। शिविर हर वार्ड में एक दिन छोड़कर सुबह 8 से 12 बजे तक लगेगा। अगले दिन स्वैच्छिक रक्तदाता को नाम, पते, फोन नंबर सहित ऑनलाइन करने का काम होगा।
शिविर में रक्त परीक्षण वाले लोगों का पूरा रिकार्ड रेडक्रॉस में रखा जाएगा। स्वैच्छिक रक्तदाता के ऑनलाइन होने का यह लाभ मिलेगा कि उनकी 8 प्रकार की जाँच निःशुल्क हो जाएगी तथा क्रॉस मैच के समय उनके स्वास्थ्य की जानकारी मिल जाएगी। कलेक्टर एसएस बंसल ने बताया कि शिविर निःशुल्क है।
रेडक्रॉस सोसायटी के उपसचिव एमएम जाधव ने कहा कि लोग अपना ब्लड ग्रुप जान सकेंगे। मुख्य नपा अधिकारी केसी गेहलोत ने कहा कि किसी को अब रक्त के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। लायंस क्लब के सुरेश चेलावत का कहना है कि क्लब का प्रयास है नगर का प्रत्येक व्यक्ति ब्लड ग्रुप जाने।
|