स्कारलेट इडेन कीलिंग की मौत की गुत्थी सुलझाने की पूरी कोशिश कर रही गोवा पुलिस को इस ब्रिटिश किशोरी की व्यक्तिगत डायरी से कोई खास मदद नहीं मिल पा रही है क्योंकि उसमें उसके जीवन पर बहुत कम रोशनी पड़ रही है।
इसके उलट ब्रिटेन के एक टेबलायड ने रविवार को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि गोवा में मारी गई 15 वर्षीय ब्रिटिश स्कूली छात्रा अपनी मौत से कुछ दिन पहले सेक्स नशीले पदार्थों और शराब का भोगवादी जीवन जी रही थी।
इस बीच स्कारलेट बलात्कार और हत्या मामले की जाँच कर रही गोवा पुलिस ने आज संकेत दिया कि वह अगले कुछ दिनों में ब्रिटिश किशोरी के बॉयफ्रेंड 21 वर्षीय जूलियो लोबो को गोवा बाल अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस जाँच में पता चला है कि 18 फरवरी को स्कारलेट को नशीला पदार्थ खिलाए जाने और अंजुना बीच पर हत्या किए जाने में जूलियो की कोई भूमिका नहीं है, लेकिन उसकी निजी डायरी के आधार पर उसके पुरुष मित्र के खिलाफ मुकदमा कायम किया जा सकता है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम उस लाइन पर सोच रहे हैं। यह हो सकता है कि हत्या जाँच का हिस्सा न हो लेकिन निश्चित रूप से जूलियो ने अपराध किया है और हमें इसे दर्ज करना होगा।
पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि वह अभी ब्रिटिश नागरिक माइकल मेनियोन की तलाश कर रही है, जो इस मामले में प्रमुख गवाह हो सकता है। मेनियोन उन लोगों में शामिल है, जो 18 फरवरी को झोपड़ी में मौजूद थे और घटना के तीन दिन बाद उसने राज्य छोड़ दिया था।
|