जम्मू-कश्मीर में रविवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सैन्यकर्मी घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब बारामूला जिले के डंगीवाचा में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में पाँच सुरक्षाकर्मी जख्मी हुए। इनमें से बाद में दो की मौत हो गई। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एके माथुर ने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल बी. कदम और प्रदीप कुमार आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में शहीद हो गए।
आतंकवादियों का क्या हुआ इस बारे में फिलहाल टिप्पणी करने में वह सक्षम नहीं थे। हालाँकि गोलीबारी बंद हो चुकी है। आतंकवादियों को खत्म करने के प्रयास जारी हैं। आतंकवादियों ने घनी आबादी वाले गाँव में शरण ले रखी है।
|