ऊपरी असम के एक गाँव में संदिग्ध उल्फा उग्रवादियों द्वारा किए गए शक्तिशाली ग्रेनेड हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और असम के चार पुलिसकर्मियों सहित करीब 53 लोग घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह बम विस्फोट जोनाई में टेलिफोन एक्सचेंज के समीप खुले मैदान में किया गया, जहाँ स्थानीय उत्सव अली-ऐई-लेरिगांग मनाया जा रहा था। सूत्रों ने बताया कि इस सांस्कृतिक उत्सव को मनाने के लिए तकरीबन 1500 से अधिक लोग एकत्र हुए थे। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत असम मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया।
उल्फा का इनकार : दूसरी ओर उल्फा ने असम के धेमाजी जिले में विस्फोट की घटना में शामिल होने की बात से इनकार किया। उल्फा के सैन्य प्रवक्ता राजू बरुआ ने मीडिया को भेजे ई-मेल संदेश में कहा कि उल्फा ने पहले भी स्पष्ट किया है और फिर दोहरा रहा है कि वह निर्दोष लोगों की हत्या के खिलाफ है।
|