सात अरब रुपए की राशि से मध्यप्रदेश के विमानतलों के विस्तार के बाद राजधानी भोपाल और इंदौर के हवाई अड्डों को अंतरराष्ट्रीय दर्जा हासिल होगा।
केन्द्रीय कार्मिक राज्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने यहाँ देवी अहिल्या विमानतल के विस्तार के काम का भूमिपूजन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि भोपाल, इंदौर, खजुराहो, जबलपुर और ग्वालियर के विमानतलों के विस्तार और विकास के लिए केन्द्र सरकार ने 700 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को दो वर्ष में पूरा किया जाना है, लेकिन केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने समय सीमा से पहले ही काम पूरा करने का आश्वासन दिया है।
पचौरी ने कहा कि राज्य सरकार ने हवाई अड्डों के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराई है, लेकिन और जमीन चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके लिए इंदौर के निर्वाचित प्रतिनिधि प्रयास करेंगे। पचौरी ने कहा कि इसके बाद भोपाल और इंदौर को अंतरराष्ट्रीय विमानतल का दर्जा प्राप्त हो सकेगा।
केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री कांतिलाल भूरिया ने विमानतलों के विस्तार के साथ ही मालवा क्षेत्र में इंदौर-दाहोद रेल लाइन के विस्तार के लिए राज्य सरकार से पर्याप्त जमीन शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस मौके पर मध्य पूर्व के लिए सप्ताह में एक बार मालवाहक उड़ान सेवा शुरू किए जाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इससे रतलाम क्षेत्र के अंगूर उत्पादकों के अलावा मालवा अंचल के अन्य निर्यातकों को लाभ होगा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. के. रामलिंगम ने बताया कि महानगरों के अलावा देश के 35 शहरों में हवाई अड्डों को आधुनिक बनाया जाएगा। इनमें भोपाल, इंदौर और खजुराहो शामिल हैं।
इंदौर में विमान पट्टी की लंबाई 9000 फुट की जानी है, जिससे डी श्रेणी के विमान बोइंग 757 और बोइंग 767 के अलावा एअर बस 310 यहाँ उतर सकें। इसके साथ ही 6 अतिरिक्त पार्किंग स्थल विकसित किए जाने हैं। इस पर 80 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
सात सौ यात्रियों की सुविधा के लिए विमानतल टर्मिनल बनाने की योजना के लिए 136 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2009 तक यह परियोजना पूरी की जाएगी। भविष्य में दूसरे चरण में विमान पट्टी की लम्बाई ई श्रेणी के विमानतलों के उतरने के हिसाब से 11 हजार 500 फुट तक करने की योजना है।
भोपाल में भी विमान पट्टी के 9000 फुट तक विस्तार और टर्मिनल भवन आदि के निर्माण के लिए 230 करोड़ रुपए की योजना बनाई गई है। खजुराहो में विमानतल के विकास कार्यों के लिए 90 करोड़ रुपए, जबलपुर में 40 लाख रुपए और ग्वालियर में 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे। कार्यक्रम में सांसद सुमित्रा महाजन के साथ ही जिले के कई विधायक मौजूद थे।
|