बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी मंडल कारा में बंद कुख्यात अपराधी मुन्नासिंह की शनिवार को अपराधियों ने गोली मारकर और बम विस्फोट कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराधी मुन्नासिंह एक मामले में मोतिहारी व्यवहार न्यायालय में पेशी के बाद जब कैदी वाहन से उतरकर मंडल कारा के अंदर प्रवेश किया तभी वहाँ पहले से घात लगाकर बैठे विरोधी गुट के अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की और उसके बाद बम का विस्फोट किया। इस घटना में अपराधी मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद जेल के अंदर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालाँकि जेलकर्मियों और स्थानीय पुलिस की मदद से तत्काल स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। अपराधी मुन्ना पर हत्या, अपहरण और अपहरण के प्रयास के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं और कुछ दिन पूर्व ही उसके गिरोह के लोगों ने मोतिहारी व्यवहार न्यायालय में पेशी के दौरान कुख्यात अपराधी छोटेलाल सहनी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी जीवन कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक एसके झा, पुलिस और सामान्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जेल पहुँचकर कैंप कर रहे है। जिला प्रशासन के अधिकारी इस बात की भी जांच में लगे है कि मंडल कारा के अंदर बम और पिस्तौल किस तरह से अपराधियों तक पहुँचा है।
|