विधायक की बहुमंजिला हत्यारी बिल्डिंग ओसीआर से गुरुवार को एक व्यक्ति की गिरकर मौत हो गई। हत्या या आत्महत्या की बहस में एक और कड़ी जुड़ गई।
विधायक निवास ओसीआर ए-ब्लॉक से दोपहर स्थानीय लाटूश रोड निवासी सुभाषचन्द्र गुप्ता (35) की गिरकर मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि संभवतः सातवीं या आठवीं मंजिल से गिरकर उनकी मौत हुई है। मृतक की स्कूटी विधायक निवास परिसर से बरामद की गई, जिससे उसकी पहचान हो सकी। उल्लेखनीय है कि इस बिल्डिंग को लोग अब हत्यारी बिल्डिंग या सोसाइड प्वाइंट के नाम से पुकारने लगे हैं। यहाँ दो बहुमंजिला इमारतें हैं। चौदह-चौदह मंजिला इन इमारतों में मंत्री, विधायक, अधिकारी एवं पत्रकार रहते हैं। यहाँ अब तक इस तरह की एक दर्जन से अधिक घटनाएँ हो चुकी हैं।
लोग समझ नहीं पाते कि मरने वाले ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई। यहाँ पुरुष और महिलाएँ दोनों ऊपर से गिरते रहे हैं। वास्तविकता क्या है, इस मामले को पुलिस हमेशा ठण्डे बस्ते में डाल देती है। पुलिस यही प्रचारित करती है कि ऊपर से गिरने वाले व्यक्ति ने आत्महत्या की और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। यही रट मृतक के परिजन आज तक लगाते रहे हैं। पुलिस किसी भी मामले की तह में नहीं जाना चाहती, क्योंकि मामला 'माननीयों' से जुड़ा रहता है।
|