मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
दलित हत्या मामले में थाना प्रभारी निलंबित
उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को अचानक जनपद इटावा पहुँचकर थाना इकदिल के गाँव अमीनाबाद में जहाँ कल जमीन विवाद में पाँच दलितों की हत्या हुई थी, का दौरा किया और मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

उन्होंने इस आपराधिक घटना को गम्भीरता से लिया और सख्त रुख अपनाते हुए इकदिल के थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस घटना में अनाथ हुई चारों बच्चियों को जमीन और मकान देने तथा सरकारी खर्च पर पढ़ाई और शादी की व्यवस्था किए जाने की घोषणा की, साथ ही मारे गए एक अन्य सम्बन्धी के आश्रितों को जमीन और मकान देने की घोषणा की। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन तत्काल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कल वाराणसी में प्रधानमंत्री की अगवानी के बाद सीधे इटावा पहुँचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों एवं पड़ोस‍ियों ने बताया कि जमीन के आपसी विवाद को लेकर झगड़ा था और इसमें मृतक तथा मारने वाले दोनों ही दलित वर्ग से हैं। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित थाना प्रभारी यदि समय रहते कार्रवाई करते तो मृतकों की जान बच सकती थी, इसलिए उन्होंने थाना प्रभारी को अपनी जिम्मेदारी ठीक से न निभाने के लिए निलंबित कर दिया।

उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से प्रभावित परिवारों को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी तथा सरकार अनाथ बच्चों की पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि मृतकों के आश्रितों को जिला प्रशासन द्वारा एक-एक लाख रुपए की धनराशि पहले ही दी जा चुकी है।

मायावती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा तथा आईजी जोन कानपुर को निर्देश दिए कि इस अपराध में शामिल लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और गाँव को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने प्रदेश के समस्त पुलिस अधीक्षकों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, आईजी जोन को निर्देश दिए कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने पाए, अन्यथा सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
और भी
पूर्व सांसद को ग्रामीणों ने पीटा
मुंबई लोकल में ‍विस्फोट, 5 घायल
अविश्वास प्रस्ताव लाना दुर्भाग्यपूर्ण-चौहान
लाइटर जलाने पर दिखती है अश्लील तस्वीर!
राजपाल त्यागी बसपा में शामिल
सीडी प्रकरण से बसपा बेनकाब-चौधरी