शाहजहाँपुर के जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके शरदवीरसिंह ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। यह घोषणा उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शिवपालसिंह यादव के सामने की।
समाजवादी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शिवपालसिंह यादव ने कहा कि बसपा सरकार पूरी तरह से सत्ता का दुरुपयोग करने में लगी हुई है। कांशीराम जन्म दिवस पर बसपा सरकार द्वारा जिस तरह सत्ता का दुरुपयोग एवं सरकारी धन की लूट की जा रही है। वह बहुत ही घृणित कृत्य है। इसी तरह 'तीसरी आजादी' नामक सीडी प्रकरण में संलिप्त बसपा सांसद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बजाय मुख्यमंत्री द्वारा उसे बचाने का प्रयास भी सत्ता का खुला दुरुपयोग ही है।
उन्होने कहा कि सच्चाई तो यह है कि बहुजन समाज पार्टी कोई राजनैतिक पार्टी नहीं है, बल्कि कुछ लोगों का एक गिरोह है। इस गिरोह के जरिये सरकारी धन की लूट एवं राजकोष का घोर दुरुपयोग किया जा रहा है। बसपा सरकार संचालन के इस गिरोह में कुछ अधिकारी भी सक्रियता से शामिल हैं। बसपा का असली चेहरा शासन में आने के बाद और भी वीभत्स हो जाता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती कोई घोटाला नहीं है, बल्कि नियमानुसार भर्ती की गई और सक्षम एवं योग्य जवानों को पुलिसकर्मियों की नौकरी देकर मुलायमसिंह यादव ने बेरोजगारी दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्य किया था, जिसे सुश्री मायावती ने रद्द करके उन परिवारों के साथ घोर अन्याय किया है, जिनके लड़के और लड़कियों को मुश्किल से सिपाही की नौकरी मिली थी। सुश्री मायावती के गरीब विरोधी आचरण के कारण पीड़ित परिवारों के सामने जीवन यापन की समस्या उत्पन्न हो गई है।
|