राजधानी लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कॉलगर्ल रैकेट का गुरुवार को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भंडाफोड़ करते हुए 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिनमें इस रैकेट को चलाने वाली चार संचालिकाएँ और 11 लड़कियाँ शामिल हैं।
एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि राजधानी लखनऊ की आलीशान कॉलोनियों इंदिरानगर और अलीगंज सहित लगभग आधा दर्जन क्षेत्रों में लड़कियों को नौकरी देने के नाम पर कॉलगर्ल रैकेट चलाए जाने की जानकारी मिली थी, जिस पर पिछले कुछ दिनों से निगाह रखी जा रही थी।
सूत्रों ने बताया कि आज दोपहर महानगर थाना क्षेत्र के क्लासिक चौराहे के पास प्रेमसिंह नामक एक युवक एक लड़की को लेकर जा रहा था, जिसे एसटीएफ टीम ने दबोच लिया। इनसे पूछताछ के बाद लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापा मारकर 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास एक इंडिका कार, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
|