सरकार ने गुरुवार को कहा कि कुछ शहरों में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति के लिए पारदर्शी सिलेंडर का इस्तेमाल परीक्षण के तौर पर किया जाएगा। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री दिनशा पटेल ने लोकसभा को बताया कि सरकार ने घरेलू एलपीजी के विपणन के लिए कंपोजिट सिलेंडरों को शुरू करने से उत्पाद लाइन का विस्तार करने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को सिद्धांत रूप में अनुमोदन दे दिया है।
पंकज चौधरी के सवाल के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि इन कंपोजिट सिलेंडरों के माध्यम से बेची जाने वाली एलपीजी में कोई सब्सिडी नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभ में इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड (आईओसी) का भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ कुछ सिलेंडर आयात करने एवं चुनिंदा शहरों में परीक्षण के तौर पर विपणन करने का विचार है। ये कंपोजिट सिलेंडर पारभाषी हैं तथा सिलेंडर में विद्यमान एलपीजी का स्तर दिखा देते हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनियों ने सूचना दी है कि जिन कंपोजिट सिलेंडरों पर विचार किया जा रहा है वे लगभग 10.5 किलोग्राम वजन वाले हैं जबकि घरेलू सिलेंडरों की क्षमता 14.2 किलोग्राम है।
|