मेघालय में नवगठित मेघालय प्रगतिशील गठबंधन (एमपीए) ने सोमवार को राज्यपाल एस. एस. सिद्धू के समक्ष अपने समर्थक 30 विधायकों की परेड कराई।
गैर कांग्रेसी गठबंधन एमपीए में यूडीपी (11 विधायक), राकांपा (14), एचएसपीडीपी (2), केएचएनएएम (1) और भाजपा (1) शामिल हैं। उसने कल दावा किया था कि उसे चार निर्दलीयों समेत 33 विधायकों का समर्थन हासिल है।
हालाँकि बीमार होने की वजह से पूर्व मुख्यमंत्री एवं यूडीपी नेता ई. के. मावलंग आज अपने साथियों के साथ उपस्थित नहीं हो सके। एमपीए सूत्रों ने जिन चार निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा किया था उनमें से सिर्फ दो ही परेड में शामिल हुए।
यह दूसरा मौका है जब एमपीए ने गत तीन मार्च को हुए चुनाव के बाद से राज्यपाल के समक्ष 30 विधायकों की परेड कराई है। कांग्रेस को राज्य में 25 सीटें मिली हैं जबकि पाँच निर्दलीय विधायकों को जीत हासिल हुई है। एक उम्मीदवार की मौत के कारण एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है।
|