नगालैंड विधानसभा चुनाव में 25 सीटें जीतकर नगालैंड पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है, जबकि कांग्रेस 22 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी रही।
एनपीएफ की सहयोगी भाजपा और राकांपा को दो-दो सीटों पर जीत हासिल हुई है, जबकि छह सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। अभी तीन सीटों के परिणाम आने बाकी हैं। डेमोक्रेटिक एलायंस ऑफ नगालैंड (डीएएन) की अगुवाई एनपीएफ कर रही है। एनपीएफ, भाजपा, जदयू और राकांपा ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने के बाद चुनाव पूर्व गठबंधन किया था।
एनपीएफ की ओर से जीतने वालों में प्रमुख रूप से इसके अध्यक्ष शुरेहोजेली का नाम लिया जा सकता है। इन्होंने लगातार छठी बार उत्तरी अंगामी सीट पर कब्जा जमाया।
कांग्रेस की ओर से जीतने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री के एल. चिशी तथा गोवा के राज्यपाल एससी जमीर के पुत्र सीएफ जमीर का नाम लिया जा सकता है। चिशी ने दीमापुर सीट पर जीत हासिल की जबकि जमीर को मोकुकचुंग सीट पर जीत हासिल हुई। 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए पाँच मार्च को चुनाव हुआ था।
मतगणना 57 सीटों पर हुई क्योंकि जुन्हेबोटो जिले के तीन निर्वाचन क्षेत्रों में आज पुनर्मतदान कराया गया है। इन विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को मतगणना कराई जाएगी। राज्य में चौथी बार राष्ट्रपति शासन के तहत चुनाव कराए गए हैं।
|