बीसीसीआई के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे पुराने दोस्त हो सकते हैं, लेकिन ठाकरे पुत्र उद्धव और पवार के भतीजे अजित में कृषि और क्रिकेट को लेकर ठन गई है।
गौरतलब है कि उद्धव शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष हैं, जबकि अजित विलासराव देशमुख सरकार में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री हैं। अजित ने किसानों की कर्ज माफी योजना के खिलाफ उद्धव के हालिया विरोध की आलोचना करते हुए कहा था कि क्या ठाकरे के पूर्वजों में कोई किसान हुआ है।
उत्तर महाराष्ट्र के चालीसगाँव में किसानों की जनसभा को संबोधित करते हुए उद्धव ने कहा कि क्या उनके (अजित पवार के) पूर्वजों में कोई क्रिकेट के मैदान में पैदा हुआ था।
उद्धव ने कहा कि हाँ, यह सच है कि हमारे परिवार में किसी ने खेती नहीं की, लेकिन क्या आपके पूर्वज खेल के मैदान में पैदा हुए थे। तो फिर क्यों आप क्रिकेट में रुचि ले रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना ने पूरे राज्य में किसानों की जनसभा की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को डर है कि कर्ज माफी योजना का श्रेय शिवसेना को चला जाएगा, इसलिए वे किसानों की जनसभाएँ करने में जुट गए हैं।
राकांपा ने किसानों के लिए 60 हजार करोड़ रुपये की कर्ज माफी योजना में पार्टी प्रमुख शरद पवार की भूमिका से सबको अवगत कराने के लिए महाराष्ट्र के बीड़ में किसानों की जनसभा की है।
|