थलसारी के निकट कथित तौर पर माकपा के कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार रात किए गए हमले में घायल एक और भाजपा कार्यकर्ता की मौत के बाद इस हमले में मारे गए लोगों की संख्या सात हो गई है।
भाजपा कार्यकर्ता 65 वर्षीय के वी. सुरेंद्रन गुरुवार रात उस समय बुरी तरह घायल हो गए, जब हमलावर उनके थिरूवंगड़ स्थित घर में जबरन घुस गए और उन पर हमला कर छुरों से वार किए। उन्हें कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ रात करीब एक बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
पिछले कई दिनों से जारी गुटीय हिंसा की घटनाओं के बाद जिलाधिकारी द्वारा कल एक बैठक बुलाई गई जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के साथ-साथ माकपा नेताओं ने भाग लिया। बैठक में आश्वस्त किया गया कि प्रतिद्वंद्वी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले रोके जाएँगे, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद सुरेंद्रन पर हमला कर दिया गया।
केरल के गृहमंत्री कोडियारी बालकृष्णन इस समय दिल्ली में हैं। उम्मीद है कि वे जल्दी ही थलसारी और आसपास के क्षेत्र का दौरा करेंगे। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ओमन चांडी ने हमले के विरोध में और राजनीतिक हिंसा के खिलाफ जनता को जागरूक बनाने के लिए रविवार को एक दिन के अनशन की घोषणा की है।
|