पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों से पवित्र गंगा की सफाई कर इसे इसका प्राचीन गौरव वापस प्रदान करने का आज आह्वान किया।
कलाम ने वाराणसी की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान शुक्रवार को यहाँ काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों से कहा कि आप राष्ट्र की युवा शक्ति हैं, आप समाज में बदलाव ला सकते हैं। आप के पास मानव शक्ति है, प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन है। वह सब कुछ है जो गंगा को उसका गौरव लौटाने के लिए आवश्यक है। उठिये और पवित्र गंगा की कम से कम काशी में सफाई कर उसे उसका गौरव लौटा दीजिए।
उन्होंने विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में अपनी कक्षा में उपस्थित हजारों छात्रों को प्रेरित किया कि वह तत्काल गंगा की सफाई के अभियान में जुट जाएँ।
कलाम ने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहाँ एक बाबा ने गुरुद्वारे में आने वाले अपने भक्तों को निर्देश देकर 160 किलोमीटर लंबी नदी की सफाई करवा दी जिससे उसका जल पहले की तरह निर्मल हो गया।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय की शिक्षा एवं यहाँ की परंपरा की महानता का बयान करते हुए कलाम ने कहा देश के विश्वविद्यालयों में काशी हिंदू विश्वविद्यालय एक चमकते हुए सितारे की तरह है। यहाँ दशकों से ऐसी शिक्षा छात्रों को दी जा रही है जिससे बड़ी संख्या में दैदीप्यमान नेताओं का उदय हुआ है।
इस मौके पर उन्होंने जोर देकर कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों का सबसे महत्वपूर्ण कार्य ही है समाज के सभी क्षेत्रों में रचनात्मक नेता पैदा करना। यही नेता भविष्य में समाज को दिशा देते हैं।
|