मेघालय विधानसभा चुनावों में मतदाताओं ने खंडित जनादेश दिया है और 60 सदस्यीय राज्य विधानसभा में सत्तारूढ़ कांग्रेस 25 सीटें हासिल करने के बावजूद स्पष्ट बहुमत से छह सीटें पीछे रह गई।
राज्य में गठबंधन सरकार बनना तय है, क्योंकि अब तक कांग्रेस की सहयोगी पार्टी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) को 11 सीटें मिली हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 13 सीटों पर जीत हासिल हुई तथा भाजपा को मात्र एक सीट से संतोष करना पड़ा।
मुख्यमंत्री डी डी लपांग ने यूडीपी के सेलेस्टाइन लिंगदोह को 730 मतों से हराकर नोंगपोह सीट पर कब्जा बरकरार रखा है।
लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं राकांपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पूर्णो ए. संगमा ने तूरा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी बिलिकिड ए. संगमा को हरा दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं यूडीपी के प्रत्याशी डोंकुपार राय ने शेला सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के लेस्टन वान्स्वेट को 939 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की है।
|