नगालैंड में 11वीं विधानसभा के लिए बुधवार को 75 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि राज्य विधानसभा के 60 सदस्यीय सीट के लिए बुधवार को चार बजे तक मतदान हुआ, जिसमें 218 उम्मीदवारों के भाग्य के फैसले के लिए 75 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि राज्य में 1780 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
सूत्रों ने बताया कि मतदान का प्रतिशत बढ़ सकता है और इसके लिए विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है। उन्होंने बताया कि 15 मतदान केंद्रों पर उपद्रवी तत्वों द्वारा उत्पात मचाने और वोटिंग मशीन को क्षति पहुँचाने के कारण दोबारा मतदान के आदेश दिए जा सकते हैं।
कई केंद्रों पर मतदान अधिकारियों के देर से पहुँचने के कारण मतदान विलंब से शुरू होने की खबर है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी इन स्थानों पर मतदान की अवधि बढ़ा सकते हैं।
|