पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने लोगों को इस बात के लिए सावधान किया है कि माओवादी नंदीग्राम क्षेत्र में फिर से प्रवेश करने के जुगाड़ में हैं, जिन्हें पिछले साल वहाँ से खदेड़ दिया गया था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि माओवादी पश्चिम बंगाल और इससे लगे पड़ोसी झारखंड में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रदेश के पूर्वी मिदनापुर जिले के नंदीग्राम के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास इस बात की सूचना है कि पश्चिम बंगाल के झारग्राम और झारखंड के घाटशिला में माओवादी प्रशिक्षण ले रहे हैं। मुख्यमंत्री दो महीने में दूसरी बार नंदीग्राम के दौरे पर आए हैं।
भट्टाचार्य ने कहा कि माओवादियों से सावधान रहिए। वे समस्या पैदा करने की कोशिश में हैं। वे समूहों में नंदीग्राम में आए हैं। वे क्षेत्र में फिर से आने की कोशिश में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसी सूचना है कि वह प्रदेश के झारग्राम और पड़ोसी राज्य झारखंड के घाटशिला में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह केवल लोगों की हत्या करते हैं। नंदीग्राम प्रखंड एक में कुछ लोगों को भूमि का मालिकाना दस्तावेज वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं।
|