यहाँ का एक तीस वर्षीय व्यक्ति 474 दिनों तक बिना नहाए रहा। उसने नहीं नहाने की अपनी कसम तब तोड़ी जब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा उससे मिलने गए और राज्य की मधु कोड़ा सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए रजामंदी दी।
समीपस्थ गाँव नारायणडीह में रहने वाले मुंडा के कट्टर समर्थक जगदीश महतो ने बिना नहाए रहने की कसम तब खाई थी जब एक वर्ष पहले झारखंड की संप्रग नीत सरकार ने राज्य में सत्ता संभाली थी।
महतो ने पहले तो 17 दिन तक अन्न ग्रहण नहीं किया, लेकिन बाद में स्वास्थ्य में गिरावट के चलते परिवार द्वारा याचना करने पर उसने उपवास तोड़ा। हालाँकि वह स्नान नहीं करने के निर्णय पर तब तक कायम रहा, जब तक एक सप्ताह पहले मुंडा उससे उसके गाँव में जाकर नहीं मिल लिए।
मुंडा ने कहा कि जब ग्रामीणों ने महतो की कसम के बारे में बताया और गाँव में आने का अनुरोध किया तो मुझे काफी आश्चर्य हुआ। मैंने तुरंत गाँव जाने का निर्णय लिया। मुलाकात के बाद महतो नहाने के लिए फिर तैयार हो गया। मैं उसे हनुमान मंदिर ले गया और वहाँ उससे झारखंड सरकार को हटाने के लिए पूरी कोशिश करने का वादा किया।
|