भारतीय जनशक्ति पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने छठ का पर्व मुंबई में मनाने की घोषणा करते हुए राज ठाकरे की चुनौती दी है कि यदि उनमें हिम्मत हो तो वे उनको रोक कर दिखाएँ। उमा भारती ने शुक्रवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद कहा कि वे छठ का पर्व मनाने के लिए मुंबई जाएँगी और यदि राज ठाकरे में हिम्मत है तो वे उन्हें रोककर दिखाएँ।
एक प्रश्न के उत्तर में राज ठाकरे द्वारा उत्तर भारतीयों के खिलाफ दिए गए बयानों को गलत बताते हुए उमा भारती ने कहा कि वह अपना अस्तित्व बचाने और प्रचार पाने के लिए ऐसे ऊटपटाँग बयान दे रहे हैं।
इससे पहले जिले भर से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उमा भारती ने भाजपा को हाईटेक चोर पार्टी और कांगेस को 50 साल पुरानी चोर पार्टी बताया। उन्होंने दोनों ही पार्टियों को देश के लिए अशुभ बताते हुए कहा कि देश में नक्सलवाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार तथा सांप्रदायिकता को कांगेस की देन है, जबकि दूसरी तरफ भाजपा हिन्दुत्व और धारा 370 को भूल चुकी है। भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा में पुराने और ईमानदार लोगों का काम केवल दरी और फर्श बिछाना भर रह गया है जबकि पार्टी में वरिष्ठ और ईमानदार लोगों की हालत दूसरी पत्नी की तरह रह गई है।
|