दिल्ली से कानपुर आ रहा एयर इंडिया का विमान आज उतरते समय हवाई अड्डे के रनवे पर एक नील गाय से टकरा गया। इससे किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन विमान का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
कानपुर हवाई अड्डे के कार्यवाहक निदेशक एके सक्सेना ने बताया कि दोपहर 11 बजकर 55 मिनट पर विमान आईसी-7801 जैसे ही रनवे पर उतरा सामने से एक नील गाय से टकरा गई, जिससे विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
उन्होंने बताया कि विमान में सवार सभी 47 यात्री पूरी तरह से सुरक्षित उतर गए हैं। किसी भी यात्री को किसी तरह की कोई चोट नहीं आई है।
एसएसपी कानपुर आनंद स्वरूप ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच गए हैं।
|