जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने एक गश्ती दल को बुधवार को निशाना बनाया जिसमें सीआरपीएफ के दो जवानों की मौत हो गई।
सीआरपीएफ के महानिरीक्षक एमएस गुप्त ने बताया कि जिले के बूनामाहा गाँव में गश्ती दल पर अज्ञात आतंकवादियों ने शाम करीब 6.45 मिनट पर अंधाधुंध गोलियाँ चलाना शुरू कर दिया। गोलीबारी में दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों जवानों की बाद में मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि आसपास के गाँव को घेर लिया गया है। आतंकवादियों को पकड़ने के लिए घर-घर की तलाशी ली जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवादियों के वहाँ से फरार होने की आशंका है क्योंकि सुरक्षा बल घटना स्थल पर 20 मिनट बाद पहुँचे। एक अन्य घटना में दक्षिणी कश्मीर में एक आतंकवादी संगठन के स्वयंभू कमांडर को सीआरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
इस बीच बारामुला जिले के सोपोर इलाके में आतंकवादियों ने एक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया।
|