मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ओर से फिल्म 'जोधा-अकबर' के प्रदर्शन पर रोक हटाने के फैसले का फिल्म के निर्देशक आशुतोष गोवारीकर ने स्वागत किया है।
गोवारीकर ने कहा कि उनकी फिल्म दो संस्कृतियों और दो धर्मों के बीच प्रेम को दर्शाती है और 450 वर्ष पुरानी प्रेम कहानी से आज भी बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
गोवारीकर ने दोहराया कि किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाना उनका उद्देश्य नहीं था, इसलिए फिल्म की शुरुआत में यह सूचना भी दी गई है कि यह फिल्म काल्पनिक है।
मध्यप्रदेश सरकार ने फिल्म के प्रदर्शन पर कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के कारण पिछले दिनों रोक लगा दी थी। इस रोक के खिलाफ वितरकों ने उच्च न्यायालय से गुहार लगाई थी।
फिल्म की सहनिर्माता और वितरक कंपनी यूटीवी मोशन पिक्चर्स के निदेशक सिद्धार्थ राय कपूर ने भी अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए बताया कि हम वहाँ फिल्म का प्रदर्शन फिर से शुरू कर रहे हैं।
|