बिहार विधानसभा में राज्यपाल आर.एस. गवई के अभिभाषण के दौरान राजद के कुछ विधायकों की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए शिवसेना ने रेलमंत्री और राजद प्रमुख लालूप्रसाद पर अपना गुस्सा उतारा है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में राज्यपाल के साथ किए गए आपत्तिजनक व्यवहार के लिए लालू ब्रांड विधायकों की निंदा की है।
उल्लेखनीय है कि बिहार के राज्यपाल गवई महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। शिवसेना ने अपने संपादकीय में लिखा है बिहार के विधायकों ने राज्यपाल को महाराष्ट्र वापस जाने के लिए कहने का दुस्साहस किया हैं, लेकिन जब बात विदेशी मूल की सोनिया गाँधी की आती है तो वे आज्ञाकारितापूर्ण व्यवहार करते है।
संपादकीय में कहा गया है आजाद भारत की चाबी विदेशी मूल की सोनिया गाँधी के पास है और उनकी सरकार लालू के समर्थन से चल रही है। इसलिए अगर हिम्मत है तो सोनिया के खिलाफ पहले नारा लगाओ और उन्हें अपने देश वापस जाने के लिए कहो।
गौरतलब है कि राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना द्वारा उत्तर भारतीयों पर हाल ही में किए गए हमले के बाद बिहार विधानसभा में कुछ विधायकों ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कथित तौर पर 'गवाई महाराष्ट्र वापस जाओ और महाराष्ट्र में बिहारी सुरक्षित नहीं जैसे नारे लगाए थे।
|