अन्नाद्रमुक प्रमुख जयललिता के 60वें जन्मदिन के मौके पर रविवार को राज्य भर में विशेष प्रार्थनाएँ, सामूहिक विवाह, रक्तदान, भोजन वितरण और निर्धनों को मदद आदि आयोजन किए गए। जयललिता पिछले कुछ वर्षों से अपना जन्मदिन सादगी से मना रही थीं लेकिन आज वह चेन्नई में समारोहों में शामिल हुईं और इस मौके पर 60 जोड़ों की शादी करवाई। पार्टी कार्यकर्ताओं के अभिवादन के बीच जयललिता ने दुल्हनों को बतौर उपहार मंगलसूत्र दिए। शादी के बाद जयललिता ने उन्हें आशीर्वाद दिया। इस मौके पर सभी दुल्हनें हरे कपड़ों में थीं, जो जयललिता का पसंदीदा रंग है। शादी के तोहफे के रूप में अन्नाद्रमुक प्रमुख ने सभी जोड़ों को 60 घरेलू सामान दिए। इनमें सिल्वर लैंप, चारपाई, घड़ी, एलपीजी स्टोव आदि शामिल हैं। इस अवसर पर अतीत को याद करते हुए जयललिता ने कहा मेरे पिता 42 साल की उम्र में चल बसे जबकि माँ 47 साल और भाई 49 साल की उम्र में गुजर गए।
पार्टी कार्यकर्ताओं की करतल ध्वनि के बीच उन्होंने कहा- लेकिन मैंने 59 पार कर 60वें साल में प्रवेश कर लिया है। यह सब मेरी माँ संध्या और राजनीतिक संरक्षक एमजी रामचंद्रन के आशीर्वाद और आपके प्यार की वजह से संभव हो सका है।
उन्होंने कहा कि संपन्न तमिलनाडु और मजबूत भारत का हमारा सपना निश्चित तौर पर पूरा होगा। जयललिता ने कहा कि अन्नाद्रमुक सिर्फ राजनीतिक पार्टी नहीं है बल्कि यह एक 'प्यारा परिवार' है और हमेशा ऐसा ही रहेगा। उन्होंने कहा कि एमजीआर के पदचिह्नों का अनुसरण करते हुए मैंने पार्टी को बचाए रखने की जिम्मेदारी ली है और इसे मैं एक माँ की तरह पाल रही हूँ। इसी कारण आप सब मुझे अम्मा कह रहे हैं। इसके पहले जयललिता ने एमजीआर स्कूल को 10 लाख रुपए का दान दिया जिसे दिवंगत नेता के परिजन चलाते हैं।
|