कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने मेघालय में क्षेत्रीय पार्टियों पर अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाते हुए राज्य में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ कोई भी गठबंधन करने से आज स्पष्ट इनकार किया।
उन्होंने यहाँ एक चुनावी रैली में राकांपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पीए संगमा की और इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग निष्ठावान नहीं रहते हैं और निजी स्वार्थों के लिए पार्टियाँ बदलते रहते हैं। इस तरह के लोगों ने यहाँ की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास किया है।
संगमा तुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जो उनका गृहनगर है। सबसे पहले संगमा ने ही सोनिया गाँधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाया था और शरद पवार और तारिक अनवर के साथ कांग्रेस छोड़कर राकांपा बनाई थी।
हालाँकि पिछले साल संगमा राकांपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे, लेकिन फिर वे वापस राकांपा में लौट आए।
|