असम और आंध्रप्रदेश में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
असम में रविवार को एक बस तालाब में गिर जाने से कम से कम 12 यात्रियों की मौत हो गई जबकि आठ लोग लापता हैं। राहत अभियान की निगरानी कर रहे कामरूप के उपसंभागीय अधिकारी सीके भूयान ने कहा कि बस में 22 लोग सवार थे। धेमाजी जिले के सिलापाथर से गुवाहाटी जा रही बस यहाँ से करीब 50 किलोमीटर दूर सोनापुर के निकट पाटगाँव में एक तालाब में गिर गई।
बस के सहचालक अमल दास ने कहा कि बस में कोई बच्चा या महिला सवार नहीं थे। वह किसी तरह घायल अवस्था में तालाब से निकलकर किनारे पर पहुँचा। निकटवर्ती गाँव के लोग घटनास्थल पर पहुँच गए और उन्होंने 12 शव निकाले।
असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने बस दुर्घटना में मारे गए लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को एक-एक लाख रुपए बतौर मुआवजा देने की घोषणा की है।
दूसरी ओर आंध्रप्रदेश में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई है जबकि 41 अन्य घायल हो गए हैं।
|