राजस्थान से बिहार लाया जा रहा 6000 किलो विस्फोटक नवादा पुलिस ने एक ट्रक से जब्त कर इस सिलसिले में सात लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि विस्फोटक लदे इस ट्रक को अकबरपुर थानान्तर्गत मखौल गाँव के समीप पुलिस ने जब्त किया।
बताया जाता है कि विस्फोटक की यह खेप राजस्थान से बिहार के नक्सल प्रभावित शेखपुरा, जमूई, लखीसराय और मुंगेर जिलों में पहुँचाने के लिए ले जाई जा रही थी। इन विस्फोटकों में जिलेटिन राड सहित अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है।
आशंका यह भी जताई जा रही है कि संभवत: अवैध रूप से पहाड़ से पत्थर तोड़ने के लिए भी इन विस्फोटकों को बिहार लाया जा रहा हो। पुलिस इस सिलसिले में गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है कि वे राजस्थान के किस स्थान और किनसे इन विस्फोटकों को प्राप्त कर बिहार ला रहे थे।
|