संसद सदस्य और पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेता त्रिलोक सिंह बाजवा को कथित तौर पर एसडीएम के साथ दुर्व्यवहार करने और आरएस पुरा सेक्टर में अतिक्रमण निरोधक कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने बाजवा के खिलाफ अतिक्रमण निरोधक अभियान में बाधा उत्पन्न करने और एसडीएम मनप्रीत कौर को मंगलवार को आर एस पुरा शहर में सरावा गांव में रोकने के लिए आज औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया।
गौरतलब है कि एसडीएम के नेतृत्व में अधिकारियों का एक दल दीवार गिराने के लिए सरावा गाँव गया हुआ था। सूत्रों ने बताया कि जब दल के समक्ष दीवार गिराई जा रही थी तब बाजवा अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ वहाँ पहुँचे और अधिकारियों को काम करने से रोक दिया। इसके बाद मनप्रीत कौरन ने बाजवा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
|