पंजाब में अंबाला की सीबीआई अदालत ने करोड़ों रुपए के किडनी प्रत्यारोपण गिरोह के सरगना अमित कुमार को शुक्रवार को सात मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कुमार को कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई की ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुनीता ग्रोवर की अदालत में पेश किया गया। मीडियाकर्मियों को अदालत परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी गई।
सीबीआई के मुख्य अभियोजक एके सिंह ने कुमार को पुलिस हिरासत में दिए जाने की माँग नहीं की। कुमार को यहाँ के केंद्रीय कारागार में रखा जाएगा।
बचाव पक्ष के वकील प्रदीप बतरा ने अपने मुवक्किल की ओर से उन्हें अपने परिवार से टेलीफोन पर बातचीत की अनुमति दिए जाने का मौखिक अनुरोध किया। अदालत ने इस पर गौर किया लेकिन कोई निर्देश जारी नहीं किया।
|