स्वर्ण नगरी जैसलमेर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मर मेले में बुधवार रात पूनम स्टेडियम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा प्रस्तुत ऊँटों के हैरत अंगेज करतबों वाले टेटू शो ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इस अवसर पर बीएसएफ के महानिदेशक एके मित्रा, जिला कलेक्टर अम्बरीश कुमार, बल के महानिरीक्षक केएल मीणा, उप महानिरीक्षक डीबी सारस्वत और अतिरिक्त उप महानिरीक्षक बीएल चौहान उपस्थित थे।
कैमल टेटू शो में सीमा प्रहरी पर्वतसिंह व चन्दनसिंह ने दौड़ते हुए ऊँटों पर सवार होकर अतिथियों को सलामी दी। जवानों ने दौड़ते ऊँट पर शीर्षासन करने, ऊँट की गर्दन तथा दो ऊँटों पर एक साथ सवारी करने, ऊँट की पीठ पर छिपने तथा घायल अवस्था में अपने साथी को गन्तव्य पर पहुँचाने के करतब दिखाए। ऊँटों ने अपने नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मर मेले के दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण कैमल माउंटेड बैंड की प्रस्तुति रही। जवानों ने विश्व में अपनी किस्म के इस एक मात्र बैंड पर लोकगीतों की स्वर लहरियाँ बिखेरी।
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल की पत्नी सुरिन्द्रकौर बादल की उपस्थिति में देदानसर मैदान पर विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। महिला कबड्डी के आयोजन के साथ ऊँट दौड़, ऊँट श्रृंगार और घुड़दौड़ प्रतियोगिता हुई। कैमल पोलो मैच में बीएसएफ की टीम में कैमल पोलो एसोसिएशन को हराया। श्रीमती बादल ने पुरस्कार वितरित किए।
|