पानी की बढ़ती माँग को पूरा करने तथा इसके असमान वितरण की समस्या पर काबू पाने के मकसद से बीएमसी ने देश की पहली भूमिगत सुरंग पर काम शुरू कर दिया है, जो मालाबार हिल्स से दक्षिणी मुंबई के क्रॉस मैदान तक जाएगी।
मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख तथा शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे तथा मेयर शुभा राउल की मौजूदगी में इस परियोजना के लिए मंगलवार को भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया।
सतह से 70 मीटर नीचे बनने वाली यह सुरंग 3.6 किलोमीटर लंबी होगी और इसे वर्ष 2011 तक पूरा कर लिया जाएगा। जेएनएनयूआरएम के तहत इस परियोजना पर 157 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
इस परियोजना से दक्षिणी मुंबई के कालबादेवी धोबी तलाब, ठाकुर द्वार, सीएसटी फोर्ट, कोलाबा, नरीमन प्वाइंट तथा कूफे परेड इलाकों को फायदा होगा।
इस समय बीएमसी शहर की 1.6 करोड़ आबादी को प्रतिदिन 3350 एमएलडी पानी मुहैया कराती है, जबकि वास्तविक माँग 4 200 एमएलडी की है।
|