महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री और नासिक जिले के संरक्षक मंत्री छगन भुजबल ने राज्य में हाल में हुई हिंसा के कारण आम लोगों को हुई तकलीफों के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अबू आजमी को जिम्मेदार ठहराया है।
जिले के दौरे पर आए भुजबल ने आज यहाँ पत्रकारों से कहा कि महाराष्ट्र में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे ठाकरे और आजमी ने जो बयान दिए उनके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इससे उपजे विरोध के कारण आम लोगों को बहुत तकलीफें उठाना पड़ीं।
उन्होंने इस बात से इनकार किया कि राज्य सरकार इस स्थिति से निपटने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को गिरफ्तार करने के लिए सरकार को समय चाहिए था, क्योंकि कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा इंतजाम करना जरूरी थे।
|