मुंबई के उपनगरीय इलाके में स्थित एक माल में फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर कपड़े खरीद रहे तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आज बताया कि तीनों विनय टांबे, जेम्स पेरेनल और शेखर जाधव को 11 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। वे उस समय पूर्वोत्तर उपनगरीय इलाका मुलुंड में शाहरुख खान के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर कपड़े खरीदने की कोशिश कर रहे थे। मुलुंड के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया बेरोजगार तीनों व्यक्तियों ने दावा किया है कि उन्हें क्रेडिट कार्ड उपनगरीय सांताक्रुज में सड़क पर गिरा मिला था। वे क्रेडिट कार्ड पर कुछ कपड़े खरीदने के लिए मॉल आए थे।
अधिकारी के अनुसार इस बात की जाँच कर ली गई है कि क्रेडिट कार्ड अभिनेता का है। तीनों से पूछताछ की जा रही है कि उन्हें क्रेडिट कार्ड कैसे मिला।
उन्होंने बताया कि तीनों ने करीब 25 हजार रुपए के कपड़े खरीदे और रकम अदा करने के लिये बॉलीवुड अभिनेता का क्रेडिट कार्ड दुकानदार को सौंपा।
सेल्स एक्जक्यूटिव ने जब लेन-देन पत्र को देखा तो उस पर अभिनेता का नाम लिखा था। जब पत्र को टांबे को दिया गया तो उसने दूसरे नाम से उस पर दस्तखत किए। इस पर सेल्स एक्जक्यूटिव को शक हुआ।
मॉल के कर्मचारियों ने तीनों लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को इस बारे में सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुँचकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
|