दिल्ली विश्वविद्यालय में यौन उत्पीड़न के एक और मामले में भूगर्भशास्त्र विभाग से पीएचडी कर रही एक छात्रा ने वरिष्ठ प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (डुसू) की अध्यक्ष अमृता बाहरी ने शुक्रवार को बताया कि पीडि़ता ने प्रो. जेपी श्रीवास्तव के खिलाफ पिछले सप्ताह विश्वविद्यालय के कुलपति दीपक पेंटल और डुसू यौन उत्पीड़न समिति को दो पृष्ठ की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि उसे सितम्बर 2007 में प्रोफेसर श्रीवास्तव द्वारा बार-बार यौन प्रताड़ना सहने पर विवश किया गया।
सुश्री बाहरी ने कहा कि डुसू के प्रतिनिधियों ने कुलपति से मुलाकात कर प्रोफेसर को तत्काल निलम्बित किए जाने की माँग की है। उन्होंने कहा कि कुलपति ने हम लोगों को आश्वस्त किया है कि इस मुद्दे पर सोमवार तक एक रिपोर्ट अवश्य जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय के प्रोक्टर गुरमीत सिंह ने कहा कि शिकायत की जाँच की जा रही है और अधिकारियों द्वारा प्रो. श्रीवास्तव से पहले ही पूछताछ की जा चुकी है।
हालाँकि शिकायतकर्ता से अभी पूछताछ की जानी बाकी है क्योंकि वह शिकायत दर्ज कराने के बाद लखनऊ जा चुकी है। सिंह ने बताया कि उसके 22 फरवरी तक लौटने की संभावना नहीं है, इसलिए उसके लौटने के बाद ही रिपोर्ट पेश की जाएगी।
|