पूर्व केन्द्रीय मंत्री नटवरसिंह ने बुधवार को कांग्रेस छोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि वे भाजपा में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं।
महाराजा सूरजमल की 300वीं जयंती पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस छोड़ने की घोषणा अपने लोगों के बीच में करना चाहता था, जिसका मुझे आज अवसर मिला है।
सिंह ने कहा कि आज की कांग्रेस नेहरू-गाँधी की कांग्रेस नहीं है तथा श्रीमती सोनिया गाँधी इसे डुबोने पर तुली हुई हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस की हार इसका ताजा उदाहरण है।
सिंह ने कहा कि 'तेल के बदले अनाज कार्यक्रम' में रिश्वत के मामले में उन्हें फँसाया गया है। उन्होंने कहा कि मैं क्वात्रोची नहीं हूँ जो छिपता फिरूँ। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा के आगामी चुनावों में वे कांग्रेस के खिलाफ प्रचार करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने भरतपुर में महाराजा सूरजमल की मूर्ति लगाने तथा इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम महाराजा सूरजमल के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भरतपुर में महाराजा सूरजमल की पत्नी के नाम पर बने महल को दर्शनीय बनाने पर एक करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा।
|