महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे की गिरफ्तारी को लेकर मुंबई पुलिस सांसत में है। कल से लगातार राज ठाकरे को गिरफ्तार किए जाने की अफवाहें उड़ रही हैं।
मनसे के उपाध्यक्ष सारस्वत वागीश ने वेबदुनिया से बातचीत में बताया कि अभी राज ठाकरे ‘कृष्णकुंज’ में आराम कर रहे हैं। मनसे कार्यकर्ताओं को दो दिन से उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। इसलिए हमारा उनसे संपर्क टूट गया है। हमें नहीं लगता कि उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा लेकिन मनसे हर बात के लिए तैयार है।
वागीश का कहना है कि गिरफ्तारी की अफवाहों से मनसे कार्यकर्ता बेहद नाराज हैं। वे उत्तेजित हो रहे हैं। हमने उन्हें शांत रहने की ताकीद दी है। हमें जानकारी मिली है कि विक्रोली कोर्ट के आसपास पुलिस बल बढ़ा दिया गया है लेकिन पुलिस की क्या मंशा है वह हम जान नहीं सकते हैं। एक तरह से उन्हें कृष्णकुंज में नजरबंद कर लिया गया है। यदि राज ठाकरे को गिरफ्तार किया गया तो मनसे अपनी बात पर कायम रहेगा। हम उनकी जमानत नहीं लेंगे।
|