महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे की गिरफ्तारी की आशंका के मद्देनजर उनके पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को समूचे मराठवाड़ा में कई स्थानों पर हिंसा और आगजनी की। पुणे में इस दौरान 47 बसों और तीन दुकानों को आग लगा दी गई। कई जगह पथराव की घटनाएँ भी हुईं।
मनसे के कार्यकर्ताओं ने औरंगाबाद, परभणी, बीड और लातूर में भी राज्य परिवहन की बसों पर पथराव किया और उन्हें क्षति पहुँचाई। हिंसा की व्यापकता को देखते हुए सभी शहरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
पुणे में अन्य स्थानों की अपेक्षा मनसे कार्यकर्ताओं ने व्यापक हिंसा की। बसों के अलावा कई निजी वाहनों पर भी हमला किया गया। पुणे के पुलिस उपायुक्त अनिल कुम्हारे ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने उत्तर भारतीयों को अपनी दुकानें बंद रखने की सलाह दी है। पूरे शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। इस बीच केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद वहाँ अर्द्धसैनिक बलों की पाँच टुकडि़याँ भेजने का फैसला किया है।
|