मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
संजय दत्त को मिली मान्यता
PTIPTI
कयासबाजी और कानाफूसी को विराम देते हुए बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त अपनी प्रेयसी मान्यता के साथ सोमवार को एक सादे समारोह में हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार वैवाहिक बंधन में बंध गए। यह बात अलग है कि दोनों कुछ दिन पहले गोवा में कोर्ट मैरिज कर चुके थे।

दत्त (48) और मान्यता दिलनशीन अमीर अहमद शेख (32) ने दुल्हन के वर्सोवा स्थित निवास पर फेरे लिए। संजय की शादी में उनके नजदीकी मित्र तो मौजूद थे लेकिन उनकी बहनें नम्रता और सांसद प्रिया दत्त का शरीक न होना कई सवाल छोड़ गया।

शादी के बाद सुनहरे रंग का कुर्ता-पायजामा पहने और उस पर लाल रंग की कढ़ाई की चुनरी डाले हुए प्रफुल्लित दिख रहे संजय ने मीडिया से कहा क्या आप मेरी शादी से खुश हैं? सकारात्मक जवाब मिलने के बाद उन्होंने मीडिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा मैं भी खुश हूँ और विवाह का समर्थन करने के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूँ।

बहरहाल इस मौके पर मान्यता ने कहा कि मैं इतनी खुश हूँ कि मेरे पास इसे व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। इस शादी पर उनकी बेटी त्रिशला की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर अभिनेता ने कहा कि वे खुश हैं। दत्त की पहली पत्नी ऋचा शर्मा से उनकी बेटी त्रिशला हैं। वे इस समय विदेश में हैं। उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा मुझे कुछ नहीं कहना।

दत्त की दूसरी शादी मॉडल रिया पिल्लई से हुई थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया। दत्त अभी 1993 के मुंबई विस्फोट मामले में जमानत पर छूटे हुए हैं।

फिल्म उद्योग के सूत्रों के अनुसार संजय और मान्यता ने सात फरवरी को गोवा के पाँच सितारा होटल में विशेष विवाह कानून के तहत विवाह कर लिया था। उस मौके पर उनके कुछ अभिन्न मित्र गवाह के रूप में मौजूद थे।

बहन प्रिया अनभिज्ञ : संजय की बहन प्रिया दत्त ने आज कहा कि उसे नहीं मालूम है कि संजय ने मान्यता से शादी रचा ली है, लेकिन वे दंपति के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करती हैं। उन्होंने कहा कि वह इससे खुश हैं।

ऐसी अफवाहें थी कि दत्त की बहनें इस शादी में भाग नहीं ले रही हैं क्योंकि वे मान्यता के साथ उनकी शादी से खुश नहीं हैं। हालाँकि प्रिया ने इस बात को खारिज किया। प्रिया ने कहा मैं बहुत खुश हूँ और जब वह घर आ जाएँगे तब उन्हें मुबारकबाद दूँगी।

उन्होंने अपने भाई की शादी में मीडिया की अधिक रुचि पर आश्चर्य प्रकट किया। उन्होंने कहा मुझे नहीं लगता कि शादी को इतनी अहमियत दी जानी चाहिए। संजय और मान्यता काफी दिनों से साथ-साथ हैं। यह महज एक औपचारिकता भर है।

यह पूछे जाने पर कि वे अपनी नई पत्नी को क्या तोहफा भेंट करेंगे, दत्त ने कहा कि खुद को। दत्त काफी खुश नजर आए और कई मौकों पर वह मीडियाकर्मियों तथा अपने दोस्तों के साथ हँसी-मजाक करते देखे गए।
और भी
चेक बाउंस होने पर उद्योगपति को जेल
मुजफ्फरनगर में ब्लेडमैन का आतंक
सुष्मिता ने वैष्णोदेवी के दर्शन किए
मायावती की केन्द्र को चेतावनी
किडनी रैकेट को सरकार का संरक्षण-सपा
किन्नर बनाने के आरोप में गिरफ्तार