किन्नरों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश के तहत बेंगलुरू के एक छायाकार ने कैंलेंडर में एक किन्नर की 12 श्वेत-श्याम तस्वीरें पेश की हैं।
देश में अपने तरह के इस पहले कैलेंडर में 35 वर्षीय श्रीदेवी को 12 अलग-अलग भावों में दिखाया गया है। फ्रीलांस छायाकार के. वेंकटेश ने बताया कि श्वेत-श्याम तस्वीरें जानबूझकर चुनी गईं ताकि समाज में किन्नरों की स्थित और उनकी समस्याओं पर लोगों का ध्यान जा सके।
वेंकटेश ने किन्नरों की दशा पर केंद्रित कुछ फोटो प्रदर्शनियाँ भी लगाई हैं। मैसूर में जन्मी श्रीदेवी ने 14 साल की उम्र में यह अहसास होने के बाद घर छोड़ दिया कि वह अपने अलग लैंगिक दर्जे के कारण समाज में स्वीकार्य नहीं है।
वह मॉडलिंग में करियर बनाकर ख्याति और धन कमाना चाहती है। उसने कहा मैं एक सम्मानजनक परिवार से हूँ। चाहती हूँ कि मेरे अभिभावक मेरी ओर ध्यान दें।
|