मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
यूपी विधानसभा में अभूतपूर्व हंगामा
राज्यपाल नहीं पढ़ सके अभिभाषण, सदन में गुब्बारे उड़ाए
उत्तरप्रदेश विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन विरोधी दल के सदस्यों के भारी शोरशराबे के चलते महामहिम राज्यपाल टीवी राजेश्वर शुक्रवार को विधानसभा में अपना अभिभाषण नहीं पढ़ सके और बमुश्किल एक मिनट बाद ही सदन से चले गए।

राज्य विधानसभा में कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल और प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के सदस्यों द्वारा सदन में भारी शोरशराबे, नारेबाजी व सदन में गैस भरे काले गुब्बारे उड़ाए जाने के कारण राज्यपाल अपना अभिभाषण नहीं पढ़ सके।

दिन में 11 बजे सदन शुरू हुआ और राज्यपाल टीवी राजेश्वर ने जैसे ही अपना अभिभाषण पढ़ना चाहा, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल व समाजवादी पार्टी के सदस्य अपने स्थानों पर खड़े होकर शोरगुल करने लगे। अनेक सदस्य बैनर लेकर अपने स्थानों पर खड़े हो गए, अनेक सदस्य पीठ के समक्ष आ गए और नारेबाजी करने लगे। कई सदस्यों ने काले गैस भरे गुब्बारे सदन में हवा में तैराए और कुछ ने काले गुब्बारों को सदन में फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया।

भारी अव्यवस्था के चलते राज्यपाल अपना अभिभाषण नहीं पढ़ सके और उन्होंने सदन से जाना ही उचित समझा। मुख्यमंत्री मायावती भी राज्यपाल के सदन छोड़ते ही विधानसभा के सदन से बाहर चली गईं।

कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि उनके दल ने सदन में राज्यपाल के अभिभाषण का उग्र विरोध किया क्योंकि सरकार बुंदेलखंड के मामले में झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में राहुल गाँधी के दौरे के बाद से अब तक दो सौ से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं, अनेक किसानों ने पलायन किया।

उन्होंने कहा कि बसपा की हकीकत रैली के बाद से 40 से ज्यादा लोग भूख से मर गए हैं किन्तु सरकार झूठ बोल रही है कि बुंदेलखंड में कोई भूख से नहीं मरा। तिवारी ने कहा कि बसपा सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। एक मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है और उनके खिलाफ जाँच कर आवश्यक कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन के अंदर और सड़कों पर सरकार का विरोध करेगी।

राष्ट्रीय लोकदल के नेता कोकब हमीद ने कहा कि उनकी पार्टी के हाजी इश्तियाक पर मुख्यमंत्री की हत्या के षड्‍यंत्र की झूठी एफआईआर लिखाकर उन्हें एनएसए के तहत बंद कर दिया गया है, जिसका पार्टी विरोध करती है।

सपा के नेता शिवपालसिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं। बुंदेलखंड में सैकड़ों लोग सूखे व भूख से मर गए किन्तु उन्हें कोई राहत नहीं दी गई। सपा सदस्य छात्र मुकेश यादव के हत्यारों को फाँसी देने की माँग कर रहे थे। सपा सदस्य देवरिया भटनी चीनी मिल चालू कराने की माँग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री नाराज : समझा जाता है कि सदन में काले गैस भरे गुब्बारे हवा में उड़ाने एवं बीच सदन में फोड़ने से मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई है और राज्य के आला अधिकारियों को फटकार लगाते हुए इस घटना को इंटेलिजेंस फेल होने की घटना माना है।

कांग्रेस विधायक लल्ला बसपा में : जनपद गोंडा की करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया ने शुक्रवार को विधानसभा मे कांग्रेस की सदस्यता छोड़ बसपा मे शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने विधानसभा सदन में कांग्रेस पार्टी व सदन में अपने पद से इस्तीफे की घोषणा की।
और भी
'आम' पर 'खास' ध्यान-मनमोहन
भाजपा विधायक लवकेशसिंह का निधन
'बर्डफ्लू' से ग्रस्त 'चूजा' है राज-बाल ठाकरे
मप्र में रेल स्लीपर कारखाना लगेगा
करीना से नहीं की शादी-सैफ
कश्मीर पुलिस ने 60 लोगों को बचाया