कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे दिल्लीवासियों को शुक्रवार को थोड़ी राहत मिली, क्योंकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस बढ़कर 9.4 डिग्री सेल्सियस पहुँच गया।
मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य है। पिछले साल इसी दौरान न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस था। राजधानी के कुछ इलाकों में बूँदाबाँदी भी हुई।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि कल तापमान गिरकर छह डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। राजधानी का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में गत 20 जनवरी से तीन फरवरी तक शीतलहर का जबरदस्त प्रकोप था। इस दौरान न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान सामान्य से कई अंश नीचे आ गया।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण विगत चार दिनों में पश्चिमोत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में तापमान में वृद्धि हुई है। भारतीय मौसम विभाग के निदेशक बीपी यादव ने कहा कि आठ फरवरी के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, क्योंकि क्षेत्र से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने की संभावना है।
गत दो जनवरी को राजधानी में इस सर्दी का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान रहा। उस दिन यहाँ का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस था। यहाँ इस सर्दी का दूसरा न्यूनतम तापमान गत 28 जनवरी को रहा जब पारा गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुँचा।
|