मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बाल ठाकरे ने किया अमिताभ का बचाव
ठाकरे-बच्चन परिवार के संबंध 40 वर्षो से मधुर
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने अपने भतीजे राज ठाकरे की अमिताभ बच्चन और उत्तर भारतीयों के खिलाफ मुहिम को ठंडा करते हुए बुधवार को सुपर स्टार का बचाव किया। मुंबई भी तीन दिन की हिंसा के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र सरकार से हिंसा में लिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा है। शहर की पुलिस ने राज से अपनी पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के समर्थकों को संयमित करने और उत्तर भारतीयों के खिलाफ अभियान को बंद करने की अपील की है।

शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने आज सुपर स्टार अमिताभ बच्चन का बचाव किया और अपने भतीजे राज ठाकरे द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को 'मूर्खतापूर्ण' बताते हुए खारिज कर दिया। ठाकरे ने एक बयान में कहा है आरोप मूर्खतापूर्ण के सिवाय कुछ नहीं हैं।

शिवसेना से अलग होकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना गठित कर चुके राज ठाकरे ने आरोप लगाया था कि अमिताभ ने महाराष्ट्र की तुलना में हमेशा उत्तरप्रदेश को प्राथमिकता दी है। इसके बाद शहर में और राज्य के कुछ हिस्सों में उत्तर भारतीयों पर हमले शुरू हो गए थे।

82 वर्षीय बाल ठाकरे ने कहा अमिताभ तो अमिताभ हैं। उन्हें ऐसे आरोपों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा अमिताभ हमारे पारिवारिक मित्र हैं। यह मित्रता 40 साल पुरानी है जो कभी कम नहीं हुई। बाल ठाकरे ने अमिताभ को वैश्विक सुपर स्टार बताया जिसका पूरी दुनिया सम्मान करती है।

शिवसेना प्रमुख ने कहा कि अमिताभ ने अपनी ख्याति के लिए मुंबई और यहाँ के लोगों के प्रति हमेशा आभार जताया है। शिवसेना प्रमुख की टिप्पणियों ने ठाकरे परिवार की दरार को जाहिर कर दिया है।

शहओशीवारा में दो ऑटो रिक्शा को आग लगाने और माटुंगा में कपड़े की एक दुकान पर हमले के अलावा और किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं है। राज कल मुंबई पुलिस आयुक्त डीएन जाधव की बेटी के विवाह समारोह में गए थे। कांग्रेस ने आज जाधव के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की माँग की है।

उत्तरप्रदेश कांग्रेस की प्रमुख रीता बहुगुणा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा ‍कि अगर खबर सही है तो अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा कि उन्हें राज ठाकरे और सपा का राजनीतिक एजेंडा समझ में आ रहा है जो राज्य में फायदा उठाना चाहते हैं।

महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार की मुख्य घटक राकांपा ने मीडिया के एक वर्ग पर राज को जरूरत से ज्यादा प्रचार देने का आरोप भी लगाया। राकांपा के अनुसार राज की पार्टी का कोई अस्तित्व ही नहीं है। पवार ने कहा राज के बयान गैरजिम्मेदाराना हैं। उन्हें महत्व नहीं दिया जाना चाहिए क्योंकि मुझे नहीं लगता कि उन्हें समाज के किसी भी वर्ग का समर्थन हासिल है।

पुलिस उपायुक्त (जोन पाँच) डीएम फड़ताले ने कहा कि उन्होंने राज ठाकरे से मुलाकात कर पूछा कि क्या उनके आवास के आसपास सुरक्षा पर्याप्त है? मुम्बई में हिंसा के बाद दो इंस्पेक्टर निलंबित कर दिए गए। दादर में हिंसा में लिप्त एमएनएस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई न करने के लिए सहायक पुलिस आयुक्त के खिलाफ जाँच की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इंस्पेक्टर मोतीराम कदम और सब इंस्पेक्टर दीपक पवार को सेवा में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है। दादर डिवीजन के एसीपी बालकृष्ण भांगे के खिलाफ भी जाँच की जा रही है।

फड़ताले ने राज के साथ हुई बैठक के बारे में बताया मैं इस इलाके में सुरक्षा के बारे में नियमित बातचीत के सिलसिले में राज से मिला। मैंने उनसे अपील की कि शांति बनाए रखने के लिए संयम बरतना चाहिए। बहरहाल, फड़ताले ने राज के जवाब के बारे में कुछ नहीं कहा।

मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। गैर मराठियों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएँगे।

इसी बीच खबर है कि पुणे में एमएनएस कार्यकर्ताओं ने एक भोजपुरी फिल्म का प्रदर्शन जबरन रुकवा दिया। 'भोजपुरी भैया' फिल्म का दोपहर का शो बंद कर दर्शकों को थिएटर से जाने के लिए कह दिया गया।

उधर राज ठाकरे को झटका देते हुए उनकी पार्टी के करीब 200 सदस्य आज शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। राज के उत्तर भारतीय विरोधी रुख से व्यथित एमएनएस सदस्यों ने बाल ठाकरे के आवास 'मातोश्री' में एक समारोह में शिवसेना की सदस्यता ले ली।

मुख्यमंत्री देशमुख ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में 223 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एमएनएस के 143 और सपा के 90 कार्यकर्ता हैं।

गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार से हिंसा में लिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और नागरिकों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के धर्मनिरपेक्ष ढाँचे को बरकरार रखना चाहिए और असामाजिक तत्वों को इसे नुकसान पहुँचाने से रोकना चाहिए।
और भी
भाजपा की संकल्प रैलियाँ-आडवाणी
प्रीति जिंटा वैष्णोदेवी की शरण में
सुरक्षा न होने पर भी कैदी भागा नहीं
खेलने की उम्र में बनाई एड्स पर फिल्म
घरेलू कचरे से कमाई का तरीका
एचआईवी पी‍ड़ितों को मासिक पेंशन