भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने आज यहाँ कहा कि उनकी पार्टी आतंकवाद से डरती नहीं है, इसलिए सभी संकल्प रैलियाँ आयोजित की जाएँगी।
आडवाणी ने कहा कि सरकार ने अपनी तैयारी के लिए इन रैलियों के आयोजन को लेकर थोड़ा वक्त माँगा है, वह उसे दिया गया है। आडवाणी ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 मार्च तक देशभर में होने वाली 13 संकल्प रैलियों की आज यहाँ शुरूआत करते हुए कहा कि कोई भी रैली स्थगित नहीं की गई है, सिर्फ उनके आयोजन की तारीख पुन: निर्धारित की जाएगी, जिसके बारे में सरकार ने उनसे आग्रह किया है।
आडवाणी ने कहा कि केन्द्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की तुष्टिकरण की नीति के कारण आतंकवादी मानने लगे हैं कि उनकी भारत में मौज है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर आतंकवादियों, माओवादियों, बांग्लादेशी घुसपैठियों की समस्या को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं से निपटने के लिए सप्रंग सरकार के कार्यकाल में कोई प्रयास नहीं किए गए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री से जानना चाहा कि वर्ष 2004 से अब तक देश में आतंकवादियों के कितने ठिकाने नष्ट किए गए तथा संसद भवन पर आतंकी हमले के मुख्य आरोपी अफजल गुरु को अभी तक फाँसी क्यों नही दी गई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि अयोध्या, वाराणसी, जम्मू, मुंबई सहित अन्य प्रदेशों में हुए आंतकी हमलों में से कितने हमलों के मामलों के आरोपियों को पकड़ा गया है।
उन्होंने पूछा कि सप्रंग सरकार ने असम में घुसपैठियों की समस्या के बारे में उच्चतम न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों का कितना पालन किया है।
|