मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
बंगाल बंद से जनजीवन प्रभावित
रेल और सड़क परिवहन भी बाधित
पुलिस की गोलीबारी में अपने छह समर्थकों के मारे जाने के विरोध में फारवर्ड ब्लाक द्वारा आहूत 24 घंटे के बंद से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है और रेल और सड़क परिवहन भी बाधित है। पुलिस ने 166 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया है।

दिनहाता में पुलिस की गोलीबारी में कल फारवर्ड ब्लाक के पाँच समर्थक मारे गए थे, लेकिन एक घायल के अस्पताल में दम तोड़ देने के बाद यह संख्या छह तक जा पहुँची है।

पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनौजिया ने कहा कि रेल और सड़क यातायात के मार्गों में अवरोधक खड़े करने पर विभिन्न जिलों से 166 बंद समर्थक गिरफ्तार किए गए हैं।

रेल सेवा के बाधित होने के कारण हावड़ा और सियालदाह दोनों ही स्टेशनों पर बहुत से यात्री फँसे हुए हैं। कोलकाता में भी बंद समर्थकों ने कई जगहों पर अवरोधक लगा दिए हैं। पुलिस ने हालाँकि अभी तक झड़प की किसी भी घटना से इनकार किया है।

अकेले कोलकाता से ही 125 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जो शहर के राज बाजार, श्याम बाजार, एसएन बनर्जी रोड, हावड़ा ब्रिज तथा अन्य जगहों पर अवरोधक लगा रहे थे।

फारवर्ड ब्लाक ने कल कूचबिहार जिले के दिनहाता में पुलिस गोलीबारी में अपने समर्थकों के मारे जाने की घटना के विरोध में बंद का आयोजन किया है।

पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे के 1977 में सत्ता में आने के बाद यह पहली बार है जब सरकार का कोई घटक दल अपनी ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है।

फारवर्ड ब्लाक के समर्थक कल राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। राज्य के मुख्य विपक्षी दल तृणमूल कांगेस ने बंद का समर्थन किया है जबकि एसयूसीआई ने इसे अपना नैतिक समर्थन दिया है।

राज्य के गृह सचिव पीआर राय ने कहा कि हालाँकि छिटपुट हिंसा की घटनाओं की खबर है लेकिन राज्य में कहीं से भी हिंसा की बड़ी घटनाओं की कोई खबर नहीं है।

हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस हवाई अड्डे से उड़ानें निर्धारित समय के अनुसार ही चलीं। कामरकुंडु, वैद्यबटी और अन्य स्थानों पर लगाए गए अवरोधकों के चलते हावड़ा मुख्य लाइन और अन्य सहायक लाइनों पर कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
और भी
उप्रसपनि कर्मियों पर लाठीचार्ज, 18 घायल
राज ठाकरे के खिलाफ याचिका
संजय निरुपम के कार्यालय पर हमला
मंदिरा के ड्रेस डिजाइनर को नोटिस
ठंड में पशुओं का दूध भी सूखा
सर्वशिक्षा समन्वयकों की भर्ती में भ्रष्टाचार