एसटीएफ की फील्ड इकाई को एक फरवरी को वाराणसी में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी का खुलासा कर इस धंधे में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने एवं अवैध शस्त्र तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्त मिठाईलाल पासवान पुत्र स्व. गुलाब पासवान निवासी बुद्धिराम पटेल का मकान 17/208-3 सारंगतलाब, जैतपुरा वाराणसी है। मूल रूप से यह भुईलीखास (मिर्जापुर) का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल 9 एमएम फैक्टरीमेड, कुछ जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने के काम में आने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई।
विगत कुछ दिनों से वाराणसी नगर व आस-पास के क्षेत्रों में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध असलहों की बिक्री की सूचना एसटीएफ को प्राप्त हो रही थी। इस संबंध में फील्ड इकाई वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीव मुखर्जी के नेतृत्व वाली टीम द्वारा अभिसूचना संकलन का कार्य किया जा रहा था। एक फरवरी को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति बेचने के लिए पिस्टल लेकर सारनाथ आने वाला है। इस सूचना के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
|