मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
राज ठाकरे के खिलाफ एफआईआर
फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन की महाराष्ट्र के प्रति वफादारी पर राज ठाकरे के सवाल उठाने के बाद शरारती तत्वों ने उनके बंगले को निशाना बनाया और उत्तर भारतीय टैक्सी ड्राइवरों तथा वेंडरों के साथ मारपीट की गई।

इतना ही नहीं भोजपुरी फिल्में दिखा रहे दो थिएटरों को भी निशाना बनाया गया। इस बीच महराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ सपा महासचिव अमरसिंह ने सोमवार तड़के एक एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें उन पर उत्तर भारतीयों के खिलाफ हमलों के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है।

इसके साथ ही सपा नेता ने अपने वकील के माध्यम से दिल्ली में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की मान्यता समाप्त करने और उसे चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की चुनाव आयोग के समक्ष याचिका भी दाखिल कराई है।

अमरसिंह ने कहा कि राज ठाकरे को यह स्वीकार करने का साहस दिखाना चाहिए कि उन्होंने अमिताभ के घर पर हमले के संदर्भ में क्या किया।

ठाकरे और समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन के वाकयुद्ध के बाद दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने रविवार देर रात जुहू स्थित अमिताभ के आवास 'प्रतीक्षा' पर शीशे की बोतलें फेंकीं। हालाँकि पुलिस ने इस तरह की घटना से इनकार किया है।

25 लोगों की पेशी : इस बीच शिवाजी पार्क में यूएनपीए की रैली से पहले हिंसक झड़पों के सिलसिले में कल गिरफ्तार किए गए 25 लोगों को आज मध्य मुंबई के भोईवाड़ा अदालत में पेश किया गया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के 22 और सपा के तीन कार्यकर्ताओं को 18 फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस उपायुक्त (जोन पाँच) डीएम फड़तरे ने कहा कि एक टैक्सी चालक सहित कुल चार शिकायतें इस सिलसिले में दर्ज की गई हैं। ड्राइवर के साथ मारपीट की गई थी और उसके वाहन के शीशे तोड़ दिए गए थे। उन्होंने कहा कि दो शिकायतें पुलिस ने खुद दर्ज की।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि केंद्र ने महाराष्ट्र सरकार से पूरी गंभीरता से स्थिति से निबटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी समुचित कदम उठाने को कहा है। उन्होंने कहा कि दोषी को निश्चित तौर पर कड़ा दंड मिलना चाहिए।

राज्य के उपमुख्यमंत्री आरआर पाटिल ने कहा कि सरकार किसी को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दोषारोपण का प्रयास करते हुए कहा कि मुंबई में जो कुछ भी हुआ उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा के बारे में उन्होंने कहा कि उसने जरूरत से ज्यादा बयानबाजी की। पाटिल ने राज ठाकरे को उनकी भड़काऊ राजनीति के प्रति सचेत करते हुए कहा कि इससे सिर्फ राज्य को नुकसान होगा।

हालाँकि रविवार को मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने राज्य के पुलिस महानिदेशक डॉक्टर पीएस पसरीचा और मुंबई पुलिस आयुक्त डीएन जाधव को मनसे अध्यक्ष द्वारा उत्तर भारतीय समुदाय पर टिप्पणी करने और हिंसा करने वालों के खिलाफ जाँच का आदेश दिया है।

कांग्रेस ने निंदा की : मुंबई में कल की हिंसक घटनाओं के लिए राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस ने कहा कि इस तरह की संकीर्ण विचारधारा रखने वाले राजनीतिक दलों से कभी भी देश में किसी का भला नहीं हो सकता है। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि जो कुछ भी राज ठाकरे और उनकी पार्टी ने किया है वह देश को तोड़ने वाला काम है न कि जोड़ने वाला।

माकपा ने भी आलोचना की : माकपा ने मुंबई और महाराष्ट्र की अन्य जगहों पर उत्तर भारत के लोगों पर हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये सब एक पार्टी द्वारा किए गए प्रचार और बयानों का नतीजा है।
और भी
जम्मू-कश्मीर में विस्फोटक जब्त
दुनिया की पहली 'चाँद घड़ी' लंदन में
छात्र ने फाँसी लगाकर जान दी
राजधानी में ठंड का प्रकोप जारी
सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत
ट्रेन से कटकर तीन हाथी मरे