मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
ऊँची पहाड़ियों पर हिमपात जारी
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर और हिमाचलप्रदेश व उत्तराखंड में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई। ऊँची पहाड़ियों पर शनिवार रात से ही भारी हिमपात जारी है। कहीं-कहीं एक मीटर तक बर्फ जमा हो गई है।

अरब सागर से उठे पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने से तापमान में भी खासा उछाल आया है। श्रीनगर में जो न्यूनतम तापमान शनिवार तक शून्य से नीचे 6.6 डिग्री था, वह रविवार को उछलकर 0.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।

श्रीनगर में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। छुट्टी का दिन होने के कारण अधिकांश लोग घरों में दुबककर भारत-ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय मैच का आनंद लेते रहे। इस बीच तीन सौ किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर दोनों ओर से यातायात बहाल कर दिया गया है।

भूस्खलन और भारी हिमपात के कारण राजमार्ग पर सुबह कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। बर्फीले तूफान की आशंका के मद्देनजर सेना ने सामान ढोने वाले लोगों को खतरनाक क्षेत्रों में नहीं भेजने का निर्णय लिया है। हिमाचल में बर्फबारी व बारिश हिमाचल के ऊपरी इलाकों में रविवार दोपहर तक 80 से 100 सेमी बर्फ पड़ चुकी थी।

शिमला में 12 से 14 और जाखू, कुफरी तथा फागू में 20 से 30 सेमी बर्फ गिरी। मनाली व उसके आसपास के इलाकों में 25 से 27, सोलंग नाला में 30 सेंटीमीटर, धुंडी में 27 और भांग में अब तक 25 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।

उप्र में ठंड से चार और मृत : उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले में तीन तथा सिद्धार्थनगर में एक व्यक्ति की ठंड लगने से मृत्यु हो गई। ठंड से ठिठुर रहे पंजाब और हरियाणा में रविवार को राहत मिली।

दम घुटने से चार मृत : मेघालय की राजधानी शिलांग के नजदीक एक गाँव में धुएँ के कारण दम घुटने से एक माँ और तीन बच्चों की मौत हो गई। राज्य में इन दिनों बेहद सर्दी पड़ रही है। सर्दी से बचने के लिए इन्होंने चूल्हा जला रखा था।

पर्वतों की रानी में पहला हिमपात : देहरादून से समाचार है ‍कि पर्वतों की रानी के नाम से मशहूर उत्तराखंड के पर्यटन केंद्र मसूरी में इस मौसम का पहला भारी हिमपात हुआ। शहर का माल और अन्य क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढँक गया।

नैनीताल और कुमाऊँ क्षेत्र से भी हिमपात के समाचार मिले हैं। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एसपी कोचर ने कहा कि हिमपात से निश्चय ही हमारा कारोबार फले-फूलेगा। केदारनाथ, गंगोत्री, मनसूर्या, पंचशुली में भी भारी हिमपात हुआ।
और भी
अमिताभ बच्चन के घर पर हमला
कांग्रेस ने मुम्बई में हिंसा की निंदा की
कांग्रेस सांसद के आवास पर हमला
असम में दो हिंदीभाषियों की हत्या
विकलांगों की उच्च शिक्षा के लिए विवि
सपा सांसद अबू आजमी गिरफ्तार