आज तड़के दो लोगों ने सुपर स्टार अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर पर काँच की बोतलें फेंककर हमला किया। दोनों व्यक्ति सुबह-सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे।
जब अमिताभ के घर हमला हुआ तब वे अपने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ आउटडोर शूटिंग में व्यस्त थे, जबकि उनकी बहू ऐश्वर्या दूसरे बंगले 'जलसा' में सो रहीं थीं। प्रतीक्षा में अमिताभ की माँ तेजी बच्चन रहा करती थीं, जहाँ उत्पातियों ने हमला किया।
इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे ने बच्चन पर महाराष्ट्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए उन्हें खूब खरीखोटी सुनाई थी।
पुलिस ने ऐसी कोई घटना होने से इनकार कर दिया है, लेकिन अमिताभ बच्चन के घर के बाहर तैनात मीडियाकर्मियों ने बताया कि एमएनएस और समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच हुए संघर्ष के कारण उन्हें इस बात की आशंका थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों व्यक्तियों को गाली-गलौज करते हुए सुना और उनके द्वारा फेंकी गई बोतलें देखीं।
महाराष्ट्र के बजाय उत्तरप्रदेश में अमिताभ बच्चन द्वारा महिला महाविद्यालय खोले जाने के कारण एमएनएस सुप्रीमो राज ठाकरे के वाक हमले के बाद जुहू स्थित बच्चन के घर 'प्रतीक्षा' के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पहले ही बढ़ाई जा चुकी है।
जुहू पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दीपक कटडारे ने ऐसे किसी हमले की घटना से इनकार करते हुए बताया निजी सुरक्षा गार्डों के अलावा हमने अपने भी लोगों को वहाँ तैनात कर रखा है। रात्रि के दौरान वहाँ ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं है।
हालाँकि वहाँ उपस्थित मीडियाकर्मियों ने बताया हमें पहले ही आशंका थी कि वहाँ कुछ गड़बड़ी हो सकती है। रात लगभग डेढ़ बजे कुछ कैमरामैन ने गाली-गलौज की आवाज सुनी और देखा कि उनके बंगले की दिशा में बोतल फेंकी गई।
इन कैमरामैनों को अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर तैनात किया गया था। इससे पहले कल रात समाजवादी पार्टी के नेता अमरसिंह ने दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान पुलिस थाने में राज ठाकरे के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया। राज की पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने सिंह की प्रेस वार्ता में उत्पात मचाया था।
मुंबई के बाहरी इलाके में दो सिनेमा हॉलों में भोजपुरी फिल्में दिखाई जा रही थीं। उन पर भी हमला किया गया और उत्पातियों ने चार कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। कल की हिंसा के बाद एमएनएस के 15 तथा एसपी के पाँच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था।
|